Indian Railways: रेलवे अंडरपास के लिए बिना इजाजत ब्लास्टिंग, इंजीनियर को थमाई चार्जशीट

Indian Railways: रेलवे अंडरपास के लिए बिना इजाजत ब्लास्टिंग, इंजीनियर को

थमाई चार्जशीट

Kota Rail News : कोटा मंडल में रेलवे अंडरपास के लिए बिना इजाजत विस्फोट करने का मामला सामने आया है। इसके चलते एक इंजीनियर को चार्जशीट थमाई गई है।
सूत्रों ने बताया कि रेलवे द्वारा अलनिया स्टेशन के पास अंडरपास बनाया जा रहा है। चट्टानी एरिया होने के कारण गड्ढा खोदने के लिए विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया गया। लेकिन इसकी इजाजत नहीं ली गई। ब्लास्टिंग के कारण एक पत्थर उछलकर बिजली के तार (ओएचई) से टकरा गया। इसके चलते ओएचई कुछ देर के लिए ट्रिप हो गई। ट्रिप होने के बाद अधिकारियों को ब्लास्टिंग का पता चला। उसके बाद अधिकारियों ने इंजीनियर को चार्जशीट थमा दी।
सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोट बिना ब्लॉक के चालू लाइन पर करने की बात भी सामने आई है। कई दिनों से यह विस्फोट लगातार किए जा रहे थे। इसके चलते पास में पत्थरों का ढेर भी लग गया है।
नियमानुसार विस्फोट की इजाजत
सूत्रों ने बताया कि अंडर पास आदि कामों के लिए नियम अनुसार विस्फोट की इजाजत ली जाती है। स्थानीय प्रशासन को भी इसकी सूचना देनी होती है। साथ ही सुरक्षा के सारे इंतजाम भी करने पड़ते हैं। लेकिन यह एक लंबी-चौड़ी प्रक्रिया है और इसमें समय भी अधिक लगता है। इससे बचने के लिए कई बार ठेकेदार अधिकारियों से मिलकर गुपचुप तरीके से इस काम को कर लेते हैं। इस काम में भी संभवत ऐसा ही कुछ किया गया।
सूत्रों ने बताया कि अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान एक ट्रैकमेंटेनर की मौत और कई कर्मचारियों के घायल होने के मामले सामने आने के बाद भी ऐसी गंभीर लापरवाही लगातार सामने आ रही है।
डकनिया स्टेशन की डाली गर्डर
सूत्रों ने बताया कि अलनिया में डकनिया स्टेशन के पास बन रहे अंडर पास से निकाली गर्डरों को डाला गया है। उल्लेखनीय है कि डकनिया अंडरपास से रात में चोरी छुपे इन गर्डरों को गायब किया गया था। बाद में इन गर्डरों को रांवठा रोड स्टेशन के पास छुपाया गया था। अब इन गर्डरों को अलनिया अंडरपास के काम में लाया गया है।
उल्लेखनीय है कि डकनिया के पास बन रहे अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान एक ट्रैकमेंटेनर वसीम की मिट्टी में दबने से मौत हो गई थी। तथा कई कर्मचारी घायल हो गए थे। तब जांच के दौरान गर्डर का ड्राइंग से छोटी होना सामने आया था।