Indian Railways : श्रीलंका जा रहे चावल के बोरों में लगी आग, कोटा रेलवे यार्ड की घटना

Indian Railways : श्रीलंका जा रहे चावल के बोरों में लगी आग, कोटा रेलवे यार्ड की घटना

Kota Rail News : कोटा रेलवे यार्ड में रविवार को श्रीलंका जा रहे चावल के बोरों में आग लगने का मामला सामने आया है। यह चावल एक मालगाड़ी में रखा था। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच करवाई जा रही है। कोटा में आग लगने की 2 दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार को वर्कशॉप में आग लग गई थी।
सूत्रों ने बताया कि सवाई माधोपुर की तरफ से आ रही एक मालगाड़ी का दरवाजा खराब हो गया था। सूचना पर दरवाजा ठीक करने के लिए मालगाड़ी को कोटा यार्ड में खड़ा किया गया था।
यहां शाम करीब 4 बजे वेल्डिंग आदि का काम कर दरवाजे को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी डिब्बों में भरे चावल के बोरों पर जा गिरी। इसके चलते चलते कई बोरों में आग लग गई।
आग की सूचना रेलवे में हड़कंप मच गया। तुरत-फुरत में कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। दमकल को भी सूचना दी गई।
सूचना पर यार्ड में कार्यरत कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने तुरंत ही आग लगी चावल की कई बोरियों को डिब्बे से नीचे गिरा दिया। बाद में पानी और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को काबू में कर लिया। आग बुझने की सूचना पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बड़ी घटना टली
सूत्रों ने बताया कि कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर काबू पाने में देरी हो जाती तो यह अन्य डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। आग के चलते मालगाड़ी घंटों देरी से मुंबई के लिए रवाना हुई। यहां से इन चारों को जहाजों के जरिए श्रीलंका भेजा जाएगा।
श्रीलंका में 500 रुपए किलो चावल
उल्लेखनीय है कि गलत नीतियों के चलते श्रीलंका में इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट गहराया हुआ है। इसके चलते श्रीलंका में महंगाई कई गुना बढ़ गई है। चावल के भाव 500 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। एक कप चाय यहां पर 100 रुपए की मिल रही है। आलू 200 रुपए और शक्कर के भाव 300 रुपए रति किलो हो गए हैं। रसोई गैस सिलेंडर यहां चार हजार में मिल रहा है। ऐसे में यहां लोगों का जीना दूभर हो गया है। ऐसी स्थिति भारत सरकार ने श्रीलंका की मदद का निर्णय लिया है। भारत से श्रीलंका को 40-40 हजार टन डीजल और चावल भेजा जा रहा है।