Indian Railways : बिना वर्दी का जवान, 27 साल से कर रहा दलाली

Indian Railways : बिना वर्दी का जवान, 27 साल से कर रहा दलाली

Kota Rail News : सुरक्षा विभाग का एक जवान पिछले करीब 27 साल से दलाली कर रहा है। यह जवान हमेशा बिना वर्दी में रहता है। मामले में खास बात यह है कि जवान की नियुक्ति कहीं भी हो लेकिन दलाली पूरे मंडल से करता है। इसके चलते जवान अधिक समय तक बाहर भी नहीं रहता। कुछ समय बाद दलाल का स्थानांतरण वापस कोटा हो जाता है। यदि किसी कारणवश जवान का तबादला कोटा नहीं हो पाता, तो भी जवान से काम कोटा में ही लिया जाता है।
फिलहाल जवान की नियुक्ति सवाई माधोपुर में, लेकिन यह रोज कोटा में नजर आ रहा है।
दलाल का मुख्य काम स्टेशन और ट्रेनों में चलने वाले अवैध वेंडरों, प्लेटफार्म पर ट्रेन यात्रियों को खाना सप्लाई करने वाले बाजार के होटल और ढाबे वालों से, टिकट दलालों, रेलवे भूमि पर अतिक्रमण करने वालों, स्टेशन के बाहर और रेलवे परिसर में लगने वाले खानपान के ठेले वालों से पैसा वसूल करना है। बाद में यही पैसा सभी जिम्मेदार अधिकारियों में बंटता है। यही कारण है कि आज तक कोई भी अधिकारी जवान को ड्यूटी कराने और वर्दी पहनाने में सफल नहीं हो सका।
इसके अलावा जवान का काम विशेष छूट के साथ अधिकारियों के बच्चों का कोचिंग क्लासेस में प्रवेश दिलाना, साथ ही बच्चों की रहने और खाने की व्यवस्था करना। अधिकारियों के परिजनों को घुमाना-फिराना तथा कोटा आने-जाने वाले अधिकारियों और उनके रिश्तेदारों के लिए के लिए खास इंतजाम करना आदि हैं।
45 लाख का फ्लैट
जवान की कमाई कितनी है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पोश एरिया में इसका करीब 45 लाख का तो फ्लैट ही है। इससे इसकी संपत्ति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। इससे अधिकारियों के पास पहुंचने वाली रकम का अंदाजा है लगाया जा सकता है।
आदेश की उड़ रही धज्जियां
उल्लेखनीय है कि अधिकारियों ने पिछले दिनों सभी जवानों को अनिवार्य रूप से वर्दी पहनने के आदेश दिए थे। ऐसा नहीं करने पर अधिकारियों ने जवानों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा था।
लेकिन अधिकारियों के इस आदेश का जवान पर कोई असर नहीं दिख रहा। जवान को पहले की तरह बिना भर्ती में घूमते आसानी से देखा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने हाल ही में दो अधिकारियों को रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा है। लेकिन इसका कोई असर कोटा मंडल में नजर नहीं आ रहा।