Rajasthan: मुख्यमंत्री भजनलाल ने जयपुर से भरतपुर तक का सफर सड़क मार्ग से किया। कांग्रेसियों ने भी स्वागत किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल ने जयपुर से भरतपुर तक का सफर सड़क मार्ग से किया। कांग्रेसियों ने भी स्वागत किया।

तो मंत्रिमंडल का विस्तार मलमास में हो जाएगा।

साक्षी पाठक को पीएचडी उपाधि
===============
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 19 दिसंबर को जयपुर से भरतपुर तक का सफर सड़क मार्ग से किया। यही वजह रही कि जगह जगह सीएम शर्मा का लोगों ने स्वागत किया। आमतौर पर मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से सफर करते हैं। लेकिन पहली बार अपने गृह जिले भरतपुर पहुंचे भजनलाल ने सड़क से ही सफर करना उचित समझा। सीएम शर्मा ने विधानसभा का चुनाव जयपुर के सांगानेर से जीता। लेकिन शर्मा भरतपुर के निवासी हैं और उनकी राजनीति का क्षेत्र भी भरतपुर ही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद शर्मा पहली बार अपने गृह जिले के दौरे पर रहे। भरतपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी सीएम शर्मा का स्वागत किया। कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना रहा कि भजनलाल शर्मा का मुख्यमंत्री बनना पूरे भरतपुर के लिए सम्मान की बात है, इसलिए राजनीति से हटकर वे भजनलाल शर्मा का स्वागत कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने कहा कि अब भरतपुर का विकास तेजी से होगा। भजनलाल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव में जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन की शुरुआत की जाएगी।

यह भी पढ़ें :   Rajasthan: स्कूल शिक्षा विभाग का ज्ञान संकल्प पोर्टल बना सेतु -सरकारी विद्यालयों के विकास के लिए आगे आए दानदाता

मलमास में मंत्रिमंडल:
प्रदेश के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलवाने के लिए वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त कर दिया गया है। संभवत: 20 दिसंबर से विधानसभा में विधायकों को शपथ दिलाई जाए। यानी नए विधायकों का शपथ ग्रहण मलमास में ही हो रहा है। जानकार सूत्रों के अनुसार विधायकों की शपथ के साथ ही भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो रहा है। सीएम शर्मा 18 दिसंबर को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिले। सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात में मंत्रियों के नामों पर अंतिम निर्णय हो गया है। 20 और 21 दिसंबर को विधायकों की शपथ और विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही नए मंत्रियों के नामों की घोषणा भी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी विधायकों को अवसर दिया जाएगा। मुख्य सचेतक भी किसी वरिष्ठ नेता को बनाया जाएगा ताकि फ्लोर मैनेजमेंट अच्छी तरह हो सके।

यह भी पढ़ें :   Rajasthan CM: अब नजर आने लगा है पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का सकारात्मक रुख।

पाठक को पीएचडी उपाधि:
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के आहार विज्ञान एवं पोषण विभाग की यूजीसी नेट जेआरएफ शोधार्थी साक्षी पाठक को डॉक्टर ऑफ फिलोस्फी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। साक्षी पाठक ने अपना शोध कार्य मदस विश्वविद्यालय के आहार विज्ञान एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.भारती जैन के निर्देशन और मार्गदर्शन में पूरा किया। उनके शोध का विषय सहजन की पत्तियों (मोरिंगा ओलिफेरा) का मूल्य संवर्धन एवं उपचारात्मक संभावना हेतु शक्यता अन्वेषण है।

Report By S.P.MITTAL