Kota : रेलवे वर्कशॉप में रामलीला आज से, छह अन्य जगह भी होगी, 11 जगह रामकथा का भी आयोजन

Kota : रेलवे वर्कशॉप में रामलीला आज से, छह अन्य जगह भी होगी, 11 जगह रामकथा का भी आयोजन

Kota : . शहर में सोमवार से लगातार 9 दिन तक भक्ति की बयार बहेगी। 7 जगह रामलीला और 11 जगह राम कथा का आयोजन किया जाएगा।
रेलवे माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पर भी रामलीला का मंचन होगा। रामलीला का शुभारंभ रात 8:30 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य कारखाना प्रबंधक सुधीर सरवरिया होंगे। अध्यक्षता उप मुख्य यांत्रिक अभियंता पी निंबालकर करेंगे।
शिव मंडल विकास समिति के अध्यक्ष प्रताप भान सिंह ने बताया कि रामलीला का मंचन मथुरा वृंदावन की श्री राधा कृपा किशोरी आदर्श मंडल द्वारा किया जाएगा। रामलीला के आखिरी दिन 5 अक्टूबर को रावण पुतला दहन कार्यक्रम होगा। साथ में मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी जलाए जाएंगे। इस अवसर पर एक दिवसीय मेला भी भरेगा।
यहां भी होगी रामलीला
वर्कशॉप के अलावा शहर में दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंग मंच, श्री देवनारायण योजना, केशवपुरा स्थित श्रीराम जानकी मंदिर, नदीपार क्षेत्र कुन्हाड़ी स्थित बीड के बालाजी मंदिर, आरकेपुरम स्थित रामलीला मैदान पार्क तथा ग्राम दसलाना में भी रामलीला का आयोजन किया जाएगा।
दशहरा मैदान में रामलीला के अलावा सोमवार से मेला भी शुरू हो जाएगा। मेले का उद्घाटन शाम 5 बजे होगा।
यहां होगी राम कथा
रामकथा का आयोजन रामानंद आश्रम, मानपुरा जगन्नाथपुरा, स्टेशन चोपड़ा फार्म डडवाड़ा स्थित दुर्गा माता मंदिर, रणबंका चौराहा युआईटी ग्राउंड, केशवपुरा, शिवपुरा स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर, रंगबाड़ी, विवेकानगर स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, कृष्ण चंद मंदिर पुलिस चौकी वार्ड 59, छावनी रामचंद्रपुरा स्थित हनुमान मंदिर तथा जय हिंद नगर स्थित सप्तेश्वर महादेव मंदिर पर किया जाएगा। कथा से पहले सभी जगह कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।