गोवर्धन डीग मार्ग पर बिना अनुमति पेट्रोल पंप संचालन में 4 पर मुकदमा दर्ज

गोवर्धन डीग मार्ग पर बिना अनुमति पेट्रोल पंप संचालन में 4 पर मुकदमा दर्ज

गोवर्धन। गोवर्धन के नगला गांठोली में बिना डीलरशिप के पेट्रोल पंप संचालन में आखिरकार पूर्ति विभाग नींद से जाग गया। पंप संचालन करने वाले चार लोगों के खिलाफ थाना गोवर्धन में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विदित रहे कि शनिवार को सोंख के कुम्हेर रोड़ स्थित तीन पंप व रविवार को गोवर्धन के नगला गांठोली में बिना डीलरशिप अनुमति के चल रही पेट्रोल पंपों पर एसडीएम राहुल यादव के निर्देश पर नायब तहसीलदार विजय श्याम और पूर्ति निरीक्षक संतोष वर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई थी। पंपों को सील कर वहां से डिस्पेंसरी मशीन को कब्जे में कर डीजल पेट्रोल को एक निजी पंप संचालक के सुपुर्द कर दिया था। प्रशासन की कार्रवाई के उपरांत पंप संचालक मौके से फरार हो गए थे। पूर्ति निरीक्षक संतोष वर्मा ने बुधवार को नगला गांठोली में चल रही पंप संचालक बलवीर सिंह चाहर निवासी रसूलपुर मंगोर्रा, देवस्वरूप शर्मा निवासी गोवर्धन, ठाकुर लाल नगला गांठोली, खूबीराम नगला गांठोली के खिलाफ गोवर्धन थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि पूर्ति निरीक्षक संतोष शर्मा ने बलवीर को नामजद कराया है, जबकि उसकी मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया एक व्यक्ति की गलत नामजदगी की जानकारी हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी
वहीं सौंख स्थित कुम्हेर रोड़ पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ गई है। शनिवार को सोंख के कुम्हेर रोड़ पर संचालित तीन अवैध पंपों को प्रशासन ने शील किया था। लेकिन इनके खिलाफ अभीतक प्रशासन ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। पंप संचालक शील डिस्पेंसरी मशीनों को भी वहां से उखाड़ ले गए हैं।