उपराष्ट्रपति ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को बधाई दी

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी है। उनके संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है –

 “मैं हमारे राष्ट्रपिता के जन्मदिन, गांधी जयंती के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूं।

आधुनिक भारत की सर्वाधिक प्रभावशाली विभूतियों में से एक, महात्मा गांधी, आज भी आहत मानवता के लिए नैतिकता का प्रामाणिक मानदंड तथा उम्मीद की किरण हैं। अन्याय के विरुद्ध उनके सत्याग्रह, उनके अहिंसक आंदोलन ने विश्व भर में असंख्य लोगों को प्रेरणा दी। मनुष्य की स्वाभाविक अच्छाई पर उनके विश्वास, सत्य पर उनकी जैसी आस्था की आज कहीं अधिक आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें :   एक हजार डॉक्टरों की अस्थाई तौर पर भर्ती कर रहे हैं तो राजस्थान में सरकार के रेजीडेंट डॉक्टर्स हड़ताल। ऐसे विरोधाभास के चलते ही मरीजों को परेशानी हो रही है।

हर पीढ़ी को चाहिए कि वह अपने अनुसार महात्मा गांधी का अध्ययन करे, उन्हें फिर से खोजे। गरीबी हो या जलवायु परिवर्तन या फिर युद्ध, गांधी जी द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों का पालन करने से, विश्व के सामने उपस्थित इन खतरों का सफलतापूर्वक समाधान निकाला जा सकता है। विद्वेष से भरे आज के विश्व में, गांधी जी की यह वाणी कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, मानवता का मार्गदर्शन करती है।

यह भी पढ़ें :   इतिहास से सम्बन्धित महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर

गांधी जयंती के अवसर पर हिंसा, अतिवाद, आतंकवाद तथा हर प्रकार के भेदभाव से मुक्त, एक शांतिपूर्ण विश्व के लिए प्रार्थना करें।”

***

एमजी/एएम/एसकेजे/वीके