Indian Railways : वर्कशॉप में घटाया काम का समय, कर्मचारियों ने की हड़ताल

Indian Railways : वर्कशॉप में घटाया काम का समय, कर्मचारियों ने की हड़ताल

Kota Rail News : माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) में प्रशासन ने काम का निर्धारित समय अचानक घटा दिया। इसके चलते कर्मचारियों ने शनिवार को टूल डाउन हड़ताल कर दी। मामला बढ़ता देख प्रशासन ने अपने आदेश वापस ले लिए। इसके बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी।
रेलवे एम्पलाई यूनियन वर्कशॉप शाखा सचिव अरविंद सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वर्कशॉप प्रशासन द्वारा कर्मचारियों से मनमाने तरीके से काम लिया जा रहा था। प्रशासन ने शनिवार को नियम विरुद्ध तरीके से वैगनों के फ्लोर बदलने का समय अचानक 80 घंटे 14 मिनट कर दिया। जबकि इस काम के लिए 99 घंटे 25 मिनट निर्धारित हैं। इतने कम समय में काम नहीं होने के कारण कर्मचारी आक्रोशित हो गए। काम बंद कर कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। कर्मचारी इस आदेश को वापस लेने की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की सूचना पर कुछ ही देर में अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पहले तो अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन कर्मचारियों के अपनी मांग पर अड़े रहने के कारण प्रशासन को अपने आदेश वापस लेने पड़े।
अरविंद ने बताया कि हड़ताल करने वालों में यूनियन शाखा अध्यक्ष घनश्याम मीणा, कार्यकारी अध्यक्ष पीयूष मौर्य, ओम प्रकाश राजपूत तथा गौरव कश्यप आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
एसटी-एससी एसोसिएशन ने भी किया विरोध
एसटी-एससी रेलवे एंप्लाइज एसोसिएशन ने भी प्रशासन के इस आदेश का जमकर विरोध किया। मोहन सिंह ने बताया कि एसोसिएशन के दबाव के चलते ही प्रशासन अपने आदेश वापस लेने को मजबूर हुआ।