राष्ट्रपति ने असम सरकार द्वारा आयोजित नागरिक स्वागत समारोह में भाग लिया

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम (13 अक्टूबर, 2022) असम सरकार द्वारा आयोजित एक नागरिक स्वागत समारोह में भाग लिया। राष्‍ट्रपति के सम्‍मान में इस कार्यक्रम का आयोजन गुवाहाटी के असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज में किया गया था।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि असम के लोगों से मिले प्यार और स्नेह से वह काफी प्रभावित हैं। इस यात्रा के जरिये उन्हें भारत की महान परंपराओं और उपलब्धियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने शानदार स्वागत के लिए असम के लोगों को धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि असम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव काफी प्रभावशाली है। श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव जैसी असाधारण हस्तियों ने भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को समृद्ध किया है और उन्‍होंने समाज को एकजुट करने का काम किया है। इस क्षेत्र के बोडो समाज से बहुत कुछ सीखा जा सकता है। ज्योति प्रसाद अग्रवाल, विष्णु प्रसाद राभा और भूपेन हजारिका जैसी अद्भुत प्रतिभाओं ने भारतीय समाज और संस्कृति को असीम उपहार दिए हैं।

यह भी पढ़ें :   भारतीय राष्ट्रीय इंटरनेट एक्सचेंज ने समर्पित "ग्राहक सेवा इकाई " (24x7) की स्थापना की

राष्ट्रपति ने कहा कि असम में भारत की भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता का इंद्रधनुष देखा जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि देश की समग्र प्रगति के लिए असम का विकास बहुत महत्वपूर्ण है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि तेजी से बुनियादी ढांचे के विकास के जरिये असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुविधाओं को व्यापक और अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। इससे लोगों का जीवन आसान हो रहा है और उद्योगों के विकास को नई गति मिल रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार ने देश के पूर्वी और पूर्वोत्‍तर क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। सरकार ने एक्ट ईस्ट पॉलिसी को अपनाया है जिसने असम सहित पूर्वोत्‍तर क्षेत्र को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ा है। इस बदलाव से असम के विकास को अंतरराष्ट्रीय आयाम मिल रहा है।

यह भी पढ़ें :   केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पुर्तगाल गणराज्य में काम करने के लिये भारतीय नागरिकों की भर्ती करने के बारे में भारत और पुर्तगाल के बीच एक समझौते को मंजूरी दी

राष्ट्रपति ने कहा कि असम में पर्यटन उद्योग के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। असम ‘मानस’ और ‘काजीरंगा’ जैसे आकर्षक स्थलों के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है। पर्यटन के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकारें बेहतर परिवेश तैयार कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निकट भविष्‍य में इन प्रयासों के व्‍यापक परिणाम दिखेंगे। साथ ही यह बदलाव युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

 

पूरा भाषण देखने के लिए यहां क्लिक करें

 

****

एमजी/एएम/एसकेसी/एसएस