Indian Railways : पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष का एलान, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का निर्णय

Indian Railways : पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष का एलान, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का निर्णय

Rail News :  भारतीय रेल कर्मचारी पुरानी पेंशन संघर्ष समिति द्वारा रविवार को डीआरएम कार्यालय के सामने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष को और तेज करने की प्रतिज्ञा ली गई। साथ ही 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में जोरदार विरोध-प्रदर्शन का निर्णय भी लिया गया। हालांकि कई कर्मचारी इस कार्यक्रम से दूर नजर आए।
कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशांत पंडा ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले दिल्ली में केन्द्रीय कर्मचारियों को हल्ला बोल करना होगा। तभी पुरानी पेंशन बहाल हो सकती है। अन्यथा सरकारें और कारपोरेट कर्मचारियों के हजारों करोडों डकारती रहेंगे। पंडा ने कहा कि पुरानी पेंशन लागू करवाने के लिए सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम में दिल्ली से आए केन्द्रीय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मंजीत सिंह पटेल ने कहा कि यदि कर्मचारी इस शोषण के खिलाफ सारे मत, पार्टी और जातिभेद को भुलाकर एक हो जाएं तो 80 लाख कर्मचारी परिवार, 10 करोड वोट जुटा सकते है और यह ताकत सत्ता बदलने के लिए काफी है।
कार्यक्रम में समिति के पश्चिम-मध्य रेलवे के कन्वेनर महेन्द्र सिंह खींची ने कहा कि असम्भव कुछ भी नही है। लेकिन हमें बिना संघर्ष के कुछ मिलने की उम्मीद भी छोड़नी होगी, तभी सफलता संभव है।
नदारद रहे कई कर्मचारी
इस कार्यक्रम से पुरानी पेंशन के लिए संघर्षरत दिनेश शर्मा सहित कई कर्मचारी नदारद नजर आए। हालांकि समिति द्वारा इन्हें बुलाने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी इन्होंने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखना उचित समझा। हालांकि इनके कार्यक्रम में नहीं पहुंचने का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पर माना जा रहा है कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों की अनावश्यक दखलअंदाजी के चलते कई कर्मचारियों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखना उचित समझा।
हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
सभा स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में महिला कलाकार नृत्य करती नजर आई। संभवत भीड़ को एकत्रित रखने के लिए यह फंडा अपनाया गया था। इस कार्यक्रम की भी कर्मचारियों के बीच काफी चर्चा रही।
इन नेताओं ने किया संबोधित
कार्यक्रम को नवीन बोकरडया, जगदीश यादव, राजेश कुमार दुबे तथा हेमंत दाधीच सहित मुंबई, रतलाम और बीकानेर आदि जगहों से पहुंचे कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में ऋषि राजकुमार, ललित सिंह मलूका, अनिल भारती, अविनाष वर्मा, खैराती महावर मनीष शुक्ला, नरेन्द्र कुमार, फिरोज खांन, मोहम्मद रफीक, रामनरेष, सन्नी, अभिलाषा चौहान, भरतलाल मीना, मनोज कुमार तथा राकेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।