Indian Railways : तो यूं मिलती नई परियोजनाओं को मंजूरी, शराब पार्टी में धुत हुए अधिकारी, एक घंटे देरी से रवाना हुई गाड़ी

Indian Railways : तो यूं मिलती नई परियोजनाओं को मंजूरी, शराब पार्टी में धुत हुए

अधिकारी, एक घंटे देरी से रवाना हुई गाड़ी

Kota Rail News : नई परियोजनाओं को मंजूरी यूं ही नहीं मिलती। इसके लिए खास महफिल सजानी पड़ती है। शराब और कबाब पार्टी के साथ नाच-गाने का भी पूरा इंतजाम करना पड़ता है। इसके अलावा मंजूरी देने वाले अधिकारियों की अन्य अनुचित मांगों को भी पूरा करना पडता है। तब कहीं जाकर नई परियोजनाओं पर मुहर लगती है।
मंडल में भी ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है। नई परियोजना की मंजूरी के लिए बूंदी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में खास पार्टी का इंतजाम किया गया था। इस पार्टी में परियोजना को मंजूरी देने वाले अधिकारी के अलावा मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी ही मौजूद थे। इसके अलावा परियोजना को पूरी करने वाले विभाग के अधिकारी भी पार्टी में शामिल थे। इस पार्टी का आयोजन परियोजना पूरी करने वाले विभाग द्वारा ही किया गया था।
नशे में धुत हुए अधिकारी, आधी के बाद तक चला नाच गाना
रात करीब 8.30 बजे शुरू पार्टी आधी रात के बाद तक चलती रही। पार्टी में शराब और कबाब का इंतजाम तो था ही साथ ही नाच-गाने की भी पूरी व्यवस्था थी। शराब के नशे में धुत अधिकारी आधी रात के बाद तक भी नाचते-गाते रहे।
नाच-गाने में अधिकारी इस कदर खो गए कि इन्होंने गाड़ी के रवानगी के समय तक की परवाह नहीं की।
अधिकारियों के इंतजार में स्पेशल गाड़ी करीब एक घंटा अतिरिक्त खड़ी रही। अधिकारियों के पहुंचने के इंतजार में कर्मचारी और कंट्रोलर स्टॉफ परेशान होता रहा। गाड़ी के जाने का समय करीब 12 बजे निर्धारित था। लेकिन यह करीब एक बजे रवाना हुई। कई अधिकारी झूमते हुए गाड़ी तक पहुंचे।
पहला मामला नहीं
सूत्रों ने बताया कि यह पहला मामला नहीं अक्सर ऐसा होता है पिछले दिनों गुना में भी ऐसा ही मामला सामने आया था यह भी एक काम पूरा होने पर एक होटल में निजी पार्टी का इंतजाम किया गया था हालांकि यह पार्टी ठेकेदार द्वारा परियोजना निर्माण में लगे विभाग के अधिकारियों को दी गई थी इस पार्टी में अधिकारियों ने जमकर नाच गाना किया था एक अधिकारी ने तो गजब का नागिन डांस किया था। नागिन डांस करते हुए यह अधिकारी अपने ओहदे का ध्यान रखे बिना फर्श पर लोटपोट तक हो गए थे।
मीडिया में सामने आने पर
यह मामला काफी चर्चा में रहा था। लेकिन इस मामले में कार्रवाई का अब तक पता नहीं चला है। संभवत यही कारण है कि ऐसी पार्टियां बेधड़क हो रही हैं