Indian Railways : दुर्घटनाग्रस्त होने से बची अहमदाबाद-आगरा ट्रेन, पहिए से धुंआ निकला धुंआ

Indian Railways : दुर्घटनाग्रस्त होने से बची अहमदाबाद-आगरा ट्रेन, पहिए से धुंआ

निकला धुंआ, भरतपुर में काटा कोच, 6 घंटे हुई लेट

Kota Rail News : अहमदाबाद-आगरा फोर्ट ट्रेन (12548) सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। ब्रेक जाम होने से एक कोच के पहिए से धुंआ निकलने लगा। इसके बाद इस कोच को भरतपुर स्टेशन पर काटा गया। इस घटना के चलते ट्रेन करीब 6 घंटे लेट हो गई। प्रशासन द्वारा मामले की जांच करवाई जा रही है।
यात्रियों ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन गुजरने के दौरान महावीरजी स्टेशन मास्टर को एक कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। मास्टर द्वारा इसकी सूचना तुरंत ट्रेन चालक को दी गई। सूचना मिलने पर चालक में ट्रेन को मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद जांच के दौरान चालक को एक जनरल कोच के ब्रेक पेड जाम होने, हॉट एक्शल और पहिए से धुंआ निकलने का पता चला। कोच की स्थिति इतनी अधिक खराब थी कि चालक को ट्रेन आगे चलने की स्थिति में नहीं दिखाई दी। इसके बाद चालक ने मामले से कोटा कंट्रोल रूम को अवगत कराया।
हिंडोन में खड़ी रही दो घंटे
इसके बाद मिले निर्देश के अनुसार चालक ने धीमी रफ्तार से चलाते हुए ट्रेन को हिंडोन स्टेशन तक पहुंचाया। यहां दो घंटे खड़े रहने के बाद ट्रेन को बिना किसी जांच के ही भरतपुर के लिए रवाना कर दिया गया। जांच के लिए गंगापुर से स्टाफ बुलना भी जरूरी नहीं समझा गया।
भरतपुर में काटा कोच
इसके बाद ट्रेन करीब सवा 3 घंटे की देरी से सुबह 8:30 बजे भरतपुर स्टेशन पहुंची। यहां पर भी कोच की खराबी दूर करने की कोशिश की गई। सफलता नहीं मिलने पर कोच को काटने का निर्णय लिया गया। इसके बाद शंटिंग कर इस सामान्य कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इससे पहले आरपीएफ की मदद से यात्रियों को दूसरे कोचों शिफ्ट किया गया। कोच काटने के बाद सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेन को आगरा के लिए रवाना किया गया।
हॉट एक्सल के बाद भी 110 से दौड़ाई ट्रेन
सूत्रों ने बताया कि हॉट एक्सल के बाद भी ट्रेन को हिंडोन से भरतपुर तक अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। जबकि एक्सल बॉक्स का तापमान भी 220 डिग्री सेंटीग्रेड था। तेज रफ्तार ट्रेन के चलते अत्यधिक गर्म एक्सल टूट भी सकते थे। इसके चलते दौड़ती ट्रेन पटरी से उतर सकती थी।
भरतपुर स्टाफ को नहीं चला खराबी का पता
सूत्रों ने बताया कि ट्रेन पहुंचने के दौरान भरतपुर स्टाफ को कोच में खराबी का पता ही नहीं चला। कर्मचारियों ने फिवा ऑपरेट होने और इंडिकेटर लाल होना बता दिया। इंजीनियरों ने भी यही जानकारी कोटा अधिकारियों को दे दी। गलत जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी भी जताई। फिवा ऑपरेट होने पर ट्रेन में प्रेशर नहीं आता है। ऐसी स्थिति में ट्रेन को भरतपुर ही नहीं पहुंचना था। जबकि यह पूरी तरह हॉट एक्शन का मामला था।
परिवर्तित मार्ग से चली ट्रेन
यात्रियों ने बताया कि यह ट्रेन अहमदाबाद, अजमेर और भरतपुर के रास्ते आगरा जाती है। लेकिन अहमदाबाद मेहसाणा में दोहरीकरण लाइन के चलते ट्रेनों का संचालन बंद है। इसीलिए इस ट्रेन को परिवर्तित मार्ग कोटा होकर चलाया जा रहा है।