Rajasthan : राजस्थान कांग्रेस के वोटों मे हुई सेंधमारी, एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को मिले 75 मत।

Rajasthan : राजस्थान कांग्रेस के वोटों मे हुई सेंधमारी, एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को मिले 75 मत।

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने जीत दर्ज की है।राजस्थान में भी एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में भाजपा और आरएलपी विधायकों के साथ ही 2 वोट अतिरिक्त मिले हैं। राजस्थान से द्रौपदी मुर्मू को कुल 75 विधायकों के मत मिले हैं। जबकि यहां भाजपा के 70 और आरएलपी के 3 विधायको ने अपना समर्थन और मत दिया था। लेकिन इसके अलावा दो अन्य वोट मुर्मू को मिले हैं जो कांग्रेस के खेमे में सेंधमारी के रूप में देखे जा रहे हैं। दरअसल राष्ट्रपति चुनाव के आए नतीजे के अनुसार राजस्थान से 75 विधायकों ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। 123 मत कांग्रेस व विपक्षी दलों के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के खाते में गए। राजस्थान में राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 200 में से 198 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जबकि कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा और बीटीपी विधायक राजकुमार रोत ने मतदान करने ही नहीं आए। राजस्थान में कांग्रेस और उसके सहयोगी व निर्दलीय विधायकों की संख्या 126 होने का दावा किया जा रहा था। जिनमें से 2 विधायक भंवरलाल शर्मा और राजकुमार रोत ने मतदान नहीं किया। इस तरह कांग्रेस व उसके समर्थक कुल 124 विधायकों ने वोट डाला। वहीं पिछले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के कारण बीजेपी से निलंबित हुई धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा भी विधानसभा में आने के बाद कांग्रेस उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के साथ ही मतदान केंद्र तक पहुंची। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा था कि शायद कुशवाहा भी कांग्रेस व विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को ही वोट देगी। यदि ऐसा नहीं भी हुआ तो भी कांग्रेस समर्थित खेमे से 1 वोट क्रॉस वोटिंग के जरिए एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में गया और दूसरी दृष्टि से बीजेपी और आरएलपी विधायकों के अलावा भी दो अन्य विधायकों का वोट एनडीए प्रत्याशी द्रोपति मुर्मू को मिला।
भाजपाई बोले अंतरात्मा की आवाज पर मिले अतरिक्त वोट।
द्रौपदी मुर्मू को राजस्थान में भाजपा व आरएलपी विधायकों के अतिरिक्त दो अन्य विधायकों के वोट मिलने से भाजपा भी उत्साहित है। वह इसे गहलोत वह कांग्रेस समर्थित विधायकों में सेंधमारी के रूप में देख रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर आदिवासी महिला प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोट दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने इसके लिए विधायकों का आभार जताया है। पूनिया ने कहा मतदान के दिन कांग्रेस के उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी भाजपा से 2 वोटों की सेंधमारी और क्रॉस वोटिंग का दावा कर रहे थे। लेकिन हुआ उल्टा। खुद कांग्रेस व समर्थित विधायकों के खेमे से वोट एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को मिला है।