Kota : कोटा में बाढ़ जैसे हालात, राहत कार्य में जुटा प्रशासन, कोटा बैराज के खोलें 14 गेट, चार लाख क्यूसेक पानी की निकासी

Kota : कोटा में बाढ़ जैसे हालात, राहत कार्य में जुटा प्रशासन, कोटा बैराज के खोलें 14 गेट, चार लाख क्यूसेक पानी की निकासी

कोटा। न्यूज़. लगातार भारी बारिश के चलते कोटा जिले में कई जगह बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इसके चलते प्रशासन लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है। रात 10 बजे भी जिला कलेक्टर ओपी बुनकर ने नयापुरा स्थित चंबल किनारे की निचली बस्तियों का जायजा लिया तथा मौके पर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और नगर निगम की 25 से ज्यादा टीमें पानी से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही हैं।अनंतपुरा, गांवड़ी, थेकड़ा, देवली अरब, प्रेमनगर, बालाजी नगर व ज्ञानविहार आदि शहर की निचली बस्तियों से इन टीमों द्वारा अब तक एक हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इस दौरान नाले में बहने से एक व्यक्ति की मौत की भी सूचना है।
चंबल नदी में पानी की जोरदार आवक के चलते कोटा बैराज के 14 गेट खोले गए हैं। इन गेटों से करीब चार लाख की से पानी की निकासी की जा रही है। हालांकि दिन में 4 लाख 20 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई थी।
पानी के तेज बहाव से करोड़ों रुपए की लागत से बनाया जा रहा चंबल रिवर फ्रंट को भी काफी गंभीर नुकसान की आशंका है। कई जगह से निर्माण कार्य उखड़ गया है।
शहर में पिछले 24 घंटे में करीब 10 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। अभी भी हल्की और मध्यम दर्जे की बारिश की आशंका बनी हुई है।
शहर के आसपास के कई गांव बारिश के पानी से घिर गए हैं। कई रास्तों पर जाम लगा हुआ है। इसके चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है।