Rajasthan : 198 विधायकों ने डाला राष्ट्रपति चुनाव में अपना मत।

Rajasthan : 198 विधायकों ने डाला राष्ट्रपति चुनाव में अपना मत।

राष्ट्रपति के चुनाव के लिए राजस्थान विधानसभा में मतदान समाप्त हो गया है। सवेरे 10 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। दो सौ से 198 विधायकों ने अपना वोट डाला। बीटीपी विधायक राजकुमार रोत, कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा वोट देने नहीं आए। इनमें से विधायक राजकुमार रोत अपने बच्चे के बीमार होने और भंवरलाल शर्मा अस्वस्थता के कारण नहीं आए। दोनों ने विधानसभा में अपनी सूचना भेज दी थी। मतदान के बाद मतपेटी को कड़ी सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया। शाम को इसे हवाई जहाज से दिल्ली में संसद भवन भेजा जाएगा। संसद में 21 जुलाई को मतगणना के बाद नतीजा घोषित कर दिया जाएगा।सीएम अशोक गहलोत ने मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही अपना वोट डाला। वहीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने शाम को करीब सवा 4 बजे वोट डाला। इस बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया, उप नेता राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य विधायको ने वोट डाला। भाजपा से निष्कासित विधायक शोभारानी भी शाम साढे चार बजे विधानसभा आई। उन्हें सरकारी उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने रिसीव किया और फिर शोभारानी ने अपना वोट डाला। शोभारानी को बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने के बाद पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इससे पहले सवेरे से ही विधायकों ने बारी बारी से अपना अपना वोट डाला था। कांग्रेस विधायक गिर्राज मलिंगा की नाराजगी की खबरें आ रही थी। बाद में उन्हें मना लिया गया और वे भी वोट डालने आ गए। सबसे आखिर में कांग्रेस विधायक महेन्द्र चौधरी ने अपना वोट डाला।

द्रोपद्री मुर्मू के सामने यूपीए के यशवंत सिन्हा।
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रोपद्री मूर्म के सामने यूपीए के यशवंत सिन्हा मैदान में है। बीजेपी के विधायकों ने एनडीए उम्मीदवार को वोट डाला है। वहीं कांग्रेस और अधिकांश निर्दलीय विधायकों ने सिन्हा को अपना वोट दिया है। राजस्थान में दो सौ विधायक है। राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय और अन्य दल मिलाकर 126 वोट का समर्थन कांग्रेस को मिला था। वहीं भाजपा के 71 और रालोपा के तीन विधायक है।