टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और जनजातीय कार्य मंत्रालय ने मिलकर झारखंड के 4 जिलों में एसटी लड़कियों के लिए विशाल भर्ती अभियान चलाया

जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा 27 सितंबर, 2022 को दोपहर 12 बजे झारखंड के रांची के हटिया रेलवे स्टेशन से होसुर के लिए एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। विशेष ट्रेन 08633 केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन की सहायता से टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा आयोजित भर्ती अभियान में कुल 1898 चयनित उम्मीदवारों में से 822 लड़कियों के पहले बैच को लेकर जाएगी। 

18-19 सितंबर, 2022 को जनजातीय कार्य मंत्रालय के समन्वय में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा खूंटी, सरायकेला, चाईबासा और सिमडेगा में 2 दिवसीय भर्ती अभियान का आयोजन किया गया। जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा के प्रयासों से इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के दौरान की गई। इस पहल को शानदार प्रतिक्रिया मिली और इन जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों से 2600 से अधिक लड़कियों और युवतियों ने भर्ती अभियान में भाग लिया, जिसमें से 2 दिनों में 1898 लड़कियों का चयन किया गया। 

श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में युवा आदिवासी लड़कियों को रोजगार प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाना है। यह भर्ती पहल सार्वजनिक निजी भागीदारी का अनूठा उदाहरण है और राज्य में अपनी तरह का पहला है। श्री मुंडा ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को भी धन्यवाद दिया जो आदिवासी युवतियों को अपने कौशल को उन्नत करने और प्रतिष्ठित संगठन के साथ काम करने के लिए सही अवसर प्रदान कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें :   केंद्रीय वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने सीओपी 27, इजिप्ट में मैंग्रोव अलायंस ऑफ क्लाइमेट (एमएसी) के शुभारम्भ के अवसर पर संबोधित किया

जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधिकारियों और ईएमआरएस स्कूलों के शिक्षकों की एक टीम ने जिला प्रशासन और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ समन्वय किया। सभी चार जिलों के जिला प्रशासन ने जागरूकता कार्यक्रम तैयार किया, संभावित उम्मीदवारों को जुटाया और बिरसा कॉलेज (बहुउद्देशीय हॉल), खूंटी और सिमडेगा कॉलेज (बहुउद्देशीय हॉल), चाईबासा (टाटा कॉलेज), और सरायकेला (एनआर +12 हाई स्कूल) में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की।

सभी उम्मीदवार 18-20 वर्ष के आयु वर्ग की हैं और न्यूनतम योग्यता 12वीं कक्षा पास थी। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के दो दौर और उसी दिन व्यावहारिक/शारीरिक परीक्षा के एक दौर के माध्यम से किया गया है।

 

यह भी पढ़ें :   प्रधानमंत्री 18 अक्टूबर को लोथल में राष्ट्रीय समुद्री धरोहर परिसर के स्थल कार्य प्रगति की समीक्षा करेंगे

खूंटी की 488 लड़कियों में से 387, सरायकेला की 331 लड़कियों में से 152, सिमडेगा की 1071 लड़कियों में से 846 और चाईबासा की 715 लड़कियों में से 513 लड़कियों को तमिलनाडु में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के होसुर संयंत्र में नियोजित किया जाएगा। कंपनी चयनित उम्मीदवारों को एक निश्चित वेतन के साथ प्रशिक्षण, भोजन, आवास और परिवहन सुविधा मुहैया कराएगी। प्रतिभागी अपने नए असाइनमेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जो न केवल उनके सशक्तिकरण में मदद करेगा बल्कि अन्य लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित करेगा। इन लड़कियों को विशिष्ट कार्य दिए जाने से पहले उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
टाटा कम्युनिकेशन लिमिटेड और जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधिकारियों की एक टीम ने रांची में डेरा डाला है और इन लड़कियों को उनके गांवों से बस से लाने और उनकी आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। इन लड़कियों के साथ हटिया से होसुर तक टाटा और मंत्रालय के अधिकारियों का एक दल भी जा रहा है। शेष उम्मीदवारों को दूसरे खेप में भेजा जाएगा।

 

एमजी/एएम/केसीवी